सिंहपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र के फूला गांव में आम की रखवाली करने गए वृद्ध पर अज्ञात लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर मदद को दौड़े ग्रामीणों काे आते देख हमलावर फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल को परिजनों ने सीएचसी तिलोई में भर्ती करवाया है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के फूला गांव निवासी जंग बहादुर बाग की रखवाली करता था। बुधवार रात नौ बजे जब वह बाग पहुंचा तो आम तोड़ने की आवाज सुनाई दी। चोरों को पकड़ने की नीयत से वह दबे पांव बाग में पहुंचा तो आम तोड़ रहे युवकों ने उस पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को घटना स्थल पर आम से भरी बोरी मिली है, जिस पर एक ग्रामीण का नाम लिखा हुआ है। पीड़ित परिजनों ने घटना की तहरीर मोहनगंज थाने में दी है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने बताया मामला संज्ञान में है, शीघ्र ही आरोपी पकड़े जाएंगे।