संग्रामपुर में सिलिंडर लेने के लिए लगी उपभोक्ताओं की लंबी कतार।
अमेठी। गैस गैस सिलिंडरों की किल्लत के संकट में राहत के बावजूद पुराने डीएसी धारक परेशानहाल हैं। एजेंसियों पर वितरण के लिए पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता के बावजूद पुराने डीएसी (डिलीवरी ऑथराइजेशन कोड) वाले उपभोक्ताओं को बुकिंग का सिलिंडर पाने में काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। पुराने कोड के साथ कतार में लगने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
सुबह से कतार में लगने के बाद अंत में उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उनका कोड पुराना हो चुका है। बुकिंग के नए नियम के कारण वह एक निश्चित समय बाद ही नई बुकिंग करा सकते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जारी डीएसी के आधार पर ही उन्हें बुकिंग का भरा हुआ गैस सिलिंडर मिलना चाहिए।
पूर्ति निरीक्षक शुभम के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं की डीएसी पहले जारी हुई थी, उनमें से अधिकांश को गैस मिल चुकी है। अब नई डीएसी के अनुसार वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों में ट्रांसफर करने की व्यवस्था बनाई जाएगी, ताकि सभी उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
प्रकाश गैस एजेंसी पर कार्रवाई के बाद बनी अव्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने अस्थायी वितरण केंद्र बनाए हैं। जहां पिछले चार दिनों में दो हजार से अधिक गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया। जिससे एजेंसियों पर जुटने वाली उपभोक्ताओं की भीड़ कुछ हद तक कम हुई है। शनिवार को कालिका मैरिज लान स्थित केंद्र पर वितरण के लिए पहुंचे 365 भरे हुए गैस सिलिंडरों में 25 सिलिंडर बिना वितरण के ही बच गए। बीते एक माह में पहली बार ऐसा हुआ, जब उपभोक्ताओं के न होने से गैस सिलिंडर बच गए।