अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला कोषागार में मंगलवार को पेंशनर्स डे पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान पेंशनर्स की शिकायत सुनने के बाद निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।
कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार परिसर में पेंशनर्स डे आयोजित किया गया। जिले के सभी विभागों के मुखिया को कार्यक्रम में उपस्थित रहने के संबंध में डीएम की ओर से पत्र जारी किया गया था। इसके बावजूद आयोजन में कोषाधिकारी रामेंद्र कुमार को छोड़कर कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। सभी विभागों की ओर से प्रतिनिधि भेजकर दिवस की औपचारिकता पूरी की गई।
दिवस में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक साहब बक्स सिंह ने बताया कि 2006 से 2014 तक वेतन वृद्धि मामला विभागीय स्तर पर लंबित है, जिसका निस्तारण नहीं होने से पेंशनर्स परेशान है। सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह ने वेतन वृद्धि, वेतन निर्धारण की परेशानी का मुद्दा उठाया। सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत ने पेंशन के लंबित प्रकरण समय से निस्तारित करने की मांग उठाई।
ददन सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति तिथि को देयकों का भुगतान कर दिया जाए, ताकि कर्मचारी को पेंशन के लिए विभागों का चक्कर न लगाना पड़े। हरि प्रकाश तिवारी ने प्रोन्नत वेतनमान भुगतान लंबित होने का मुद्दा उठाया। विद्याशंकर व रामनायक पांडेय ने मेडिकल भत्ते का भुगतान समय से कराने की बात कही। इसके बाद वरिष्ठ कोषाधिकारी ने समस्त आहरण वितरण अधिकारियों से कहा कि जो भी पेंशन के प्रकरण लंबित हैं, उन पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समय से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
कहा कि कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने के छह माह पूर्व से ही पेंशन के पूरे प्रपत्र पूर्ण कराते हुए संपूर्ण कार्यवाही कर ली जाए, ताकि संबंधित कर्मचारी को सेवानिवृत्ति तिथि को देयकों का भुगतान हो सके। कहा कि पेंशनरों का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब सभी देयकों का भुगतान समय सीमा के अंदर कर दिया जाए। कहा कि पेंशन से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर मोबाइल नंबर 8765923689 पर सूचित करें। इस मौके पर बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।