जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में मरीज का इलाज करते डॉक्टर। -संवाद
अमेठी सिटी। भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। मंगलवार सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार दिखी। इनमें पेट दर्द, उल्टी, दस्त, चक्कर, कमजोरी और डिहाइड्रेशन से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में इलाज कराने पहुंचे। फिजिशियन व बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में करीब 60 फीसदी मरीज गर्मी जनित बीमारियों से प्रभावित रहे।
सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल में भीड़ अधिक होने से पर्याप्त बेंच होने के बाद भी मरीज व तीमारदार फर्श पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। संग्रामपुर के मरीज रामअवध ने बताया कि वह सुबह खेत गया था, थोड़ी देर में ही चक्कर आने लगा। वहीं लोहरता के आलोक शुक्ल ने बताया कि दो दिन से उल्टी और पेट दर्द है, कुछ खाते ही तबीयत बिगड़ रही है। वहीं सोमपुर मनकंठ की रूपा देवी ने बताया कि बच्चे को तेज बुखार और उल्टी हो रही है, डॉक्टर दिखाने लाई हूं।
फिजिशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि तेज धूप और उमस के कारण शरीर में पानी और जरूरी लवण तेजी से कम हो रहे हैं। पर्याप्त पानी न पीने और लंबे समय तक धूप में रहने से डिहाइड्रेशन, लू और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक उज जमा ने बताया कि बच्चों में भी बुखार, उल्टी और पेट खराब होने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस, छाछ और मौसमी फलों का सेवन करने की सलाह दी है।