अमेठी। जिले में कोरोना संक्रमण अब सामुदायिक स्वरूप ग्रहण कर रहा है। इंडोगल्फ में लगातार बढ़ रहे मरीजों के साथ ही कई गांवों में एकसाथ एक से अधिक कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार रात संकलित रिपोर्ट में 50 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिला प्रशासन ने संक्रमितों के इलाज का प्रबंध करते हुए उनके संपर्क में आए लोगों की सैपलिंग व सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू कराया है।
जिला प्रशासन की तमाम कोशिश व बचाव कार्य के बावजूद जिले में संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। जगदीशपुर के इंडोगल्फ, मुसाफिरखाना के पिंडारा महाराज गांव के साथ कई गांवों में एक दिन में एक से अधिक संक्रमित सामने आए हैं।
शनिवार रात अलग-अलग स्थानों से एकत्र रिपोर्ट में 50 स्थानीय लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में जगदीशपुर के इंडोगल्फ में 12 व अलग-अलग गांवों के 11 तो भादर, गौरीगंज व अमेठी ब्लॉक में पांच-पांच, जामो ब्लॉक में छह, सिंहपुर में तीन, शाहगढ़ में दो तथा मुसाफिरखाना में एक स्थानीय नागरिक कोरोना संक्रमित मिला है।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने प्रोटाकॉल के तहत कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट की अगुवाई में गठित टीम को सक्रिय करते हुए संक्रमितों की मांग व स्वास्थ्य के अनुसार उन्हें अस्पताल या होम आइसोलेट करते हुए उपचार का प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा है।
गठित टीम रविवार को संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर पहचान करते हुए संभावित संक्रमितों की जांच व सैनिटाइजेशन कार्य में जुटी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों को आधार मानें तो जिले में अब तक 1,873 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 1,293 उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं तो 13 की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय जिले में 567 एक्टिव मरीज हैं।