जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र के बाबूपुर सरैया में रविवार को बकरी व रास्ते को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में एक पक्ष के पांच और दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हो गए। पुलिस एक पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजते हुए कार्रवाई में जुटी है।
बाबूपुर सरैया निवासी मुश्ताक व मोहम्मद रशीद के परिवार के बीच बकरी व रास्ते को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट में मुश्ताक, नूर मोहम्मद, सुफियान, मुमताज व तकदीरूल निशा घायल हो गई। इस दौरान दूसरे पक्ष के मोहम्मद रशीद, गुलफाम, हजीरा बानो, गुलसबा बानो भी चोटिल हुई हैं।
घायल अवस्था में सभी को सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने नूर मोहम्मद वा मुश्ताक की हालत गंभीर देख उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। सुफियान की तहरीर पर गांव के दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसएचओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है। गांव में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।