अमेठी सिटी। राजकीय हाईस्कूल सेमरौता में शनिवार को आयोजित रंगोली, भाषण, निबंध और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में सलोनी ने पहला स्थान प्राप्त किया। आदर्श और संध्या संयुक्त रूप से द्वितीय रहे, जबकि आशतेंद्र ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में आवेश आलम प्रथम, अजय द्वितीय और निदा बानो तृतीय रहीं। प्रतिभागियों ने समसामयिक और सामाजिक विषयों पर प्रभावी ढंग से अपने विचार रखे। निबंध प्रतियोगिता में निदा बानो प्रथम, अर्पित द्वितीय और देवा तृतीय रहे। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अर्पित ने पहला, देवा ने दूसरा और अजय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य समरजीत यादव ने विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षक त्रिपुरारी, प्रवीण शुक्ला, विजय सिंह चौहान सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।