तिलोई। मोहनगंज के पूरे भूपसिंह मजरे छीछा गांव में रविवार दोपहर अनीता के कच्चे मकान में पड़ोसी युवक ने आग लगा दी, जिससे अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जल गया। आग बुझाने के प्रयास में परिवार के सदस्य झुलस गए। इस मामले में पड़ोस के युवक पर आग लगाने का आरोप है, जिस पर एफआईआर दर्ज की गई है।
गृहस्वामी अनीता ने बताया कि वह घर में थीं, तभी पुरानी रंजिश के चलते गांव का पड़ोसी राहुल वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। अंदर रखा सामान जल गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक मकान व सामान जल चुका था।
ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में अनीता व परिवार के अन्य सदस्य मामूली रूप से झुलस गए। थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।