27 : भादर : क्षतिग्रस्त पड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग। -संवाद
- फोटो : AMETHI
भादर (अमेठी)। अयोध्या प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 330 का निर्माण कार्य हुए अभी छह माह भी नहीं बीता कि राजमार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया। राजमार्ग के क्षतिग्रस्त होने से कार्यदायी संस्था की अनियमितता सामने आ गई है।
अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 330 के निर्माण की जिम्मेदारी गाजीपुर की कार्यदायी संस्था आरजीबी कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी गई थी। उक्त कंस्ट्रक्शन कंपनी ने ब्लॉक क्षेत्र में फोरलेन राजमार्ग का निर्माण करवाया। निर्माण कार्य पूर्ण हुए अभी छह माह भी नहीं बीता कि राजमार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया। इन स्थानों पर सड़क धंस गई है।
इनपर आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। संसारीपुर के पास जहां से फोरलेन की शुरुआत होती है वहां हालत और खस्ताहाल है। सड़क इतनी अधिक क्षतिग्रस्त हो गई है कि कभी भी बड़ी दुर्घटना की वजह बन सकती है। इस तरह कई जगह राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त होने से कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों अधिकारियों पर निर्माण को लेकर तरह तरह के सवाल उठ रहे हैं।
कार्यदायी संस्था द्वारा अभी भी टोल प्लाजा का निर्माण अमेठी प्रतापगढ़ बॉर्डर पर किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने कार्यदायी संस्था पर घटिया आरोप लगाते हुए जांच कराकर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ राजमार्ग की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।