गौरीगंज (अमेठी)। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय पुलिस ने छह अंतरजनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस बल पर फायरिंग कर भागने का प्रयास भी किया। इनके कब्जे से चार दिन पहले लूटी गई पिकअप, 11 दिन पहले लूट के 34 हजार रुपये, आधार, पैन व एटीएम कार्ड के साथ तीन तमंचा बरामद हुआ। पुलिस केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
31 मार्च की रात करीब नौ बजे कस्बा के व्यवसायी बृजेश कुमार चौहान दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे। मुसाफिरखाना रोड पर स्थित चंदवा ताल के पास तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे 21 हजार रुपये, दुकान की चाभी तथा मोबाइल छीन लिया था। सात अप्रैल की रात जिला महराजगंज के थाना नौतनवा के गांव परसोइया निवासी मो. इजहार की मुर्गा लदी पिकअप को मुंशीगंज थाना क्षेत्र के जामो भादर रोड पर लूट लिया था।
दोनों घटनाओं में पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी थी। एसपी ने दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए मुंशीगंज व गौरीगंज पुलिस के साथ ही एसओजी टीम को जिम्मेदारी सौंपी थी। रविवार देर रात मुखबिर की सूचना पर सक्रिय मुंशीगंज एसओ संदीप राय, गौरीगंज थाने के एसआई प्रेमचंद्र, सर्विलांस प्रभारी राकेश सिंह व एसओजी प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा ने दरपीपुर चौराहे से गढ़ामाफी जाने वाली सड़क आ रही एक कार व पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो उस पर सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया।
इस बीच पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया। हालांकि इस बीच दो बदमाश भागने में सफल हो गए। टीम ने गौरीगंज थाने के कटरा लालगंज निवासी प्रकाश वर्मा, गौरीगंज के ही माधवपुर निवासी धीरज मौर्या तथा राशू श्रीवास्तव, प्रतापगढ़ के दलापट्टी निवासी करन सरोज, इसी गांव के पंकज सरोज, सांगीपुर थाना के गांव पूरे बैजू बनवाल का पुरवा निवासी प्रदीप कुमार कोरी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूट के 34,100 रुपये, लूटी गई पिकअप व दो क्विंटल मुर्गा, आधार, पैन व एटीएम कार्ड, घटना में प्रयुक्त कार व तीन तमंचा तथा कारतूस बरामद हुआ।
लूट का था संगठित गिरोह
घटना का ख्ुालासा करते हुए एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि इनका लूट करने का एक संगठित गिरोह था। बदमाशों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे रात में लूट की घटना को अंजाम देते थे। 31 मार्च व सात अप्रैल को हुई लूट की घटना को इन लोगों ने स्वीकार किया है। मौके से फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है।