जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में स्वदेशी मेले के समापन पर मौजूद लोग। स्त्रोत : सूचना विभाग
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित 10 दिवसीय स्वदेशी मेला शनिवार को संपन्न हुआ। मेले में जिले के उद्यमियों, हस्त शिल्पकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और नागरिकों ने भागीदारी की।
स्थानीय उत्पादों और हस्तनिर्मित वस्तुओं की बिक्री ने वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को नई ऊर्जा दी। मूंज उत्पाद, जूट बैग, हर्बल उत्पाद, सजावटी वस्तुएं और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल खरीदारों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। लोगों ने खूब खरीदारी की। 10 दिनों तक चले इस आयोजन में लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों की रंगारंग झांकियों ने मेले की रौनक बढ़ाई। लोगों ने उत्साह से स्वदेशी उत्पादों की खरीद कर स्थानीय उद्यमियों का मनोबल बढ़ाया।
समापन अवसर पर उपायुक्त उद्योग दिनेश कुमार चौरसिया ने कहा कि मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादकों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।