शाहगढ़। चिलबिला-अमेठी हाईवे पर सोमवार शाम प्रतापगढ़ के गड़वारा स्थित आरटीओ कार्यालय के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मुंशीगंज के बीररामपुर गांव निवासी हाईकोर्ट के अधिवक्ता शुभम मिश्र (27) की मौत हो गई।
अधिवक्ता त्रिवेणी प्रसाद मिश्र ने बताया कि उनका बेटा शुभम हाईकोर्ट में वकालत करता था। सोमवार शाम वह प्रयागराज से बाइक से घर लौट रहा था। अंतू क्षेत्र में गड़वारा स्थित आरटीओ कार्यालय के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
स्थानीय लोगों ने मोबाइल और आधार कार्ड से उसकी पहचान कर पुलिस को सूचना दी। घायल शुभम को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां ले जाने की तैयारी के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
पिता ने बताया कि शुभम ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद अंदरूनी चोटें जानलेवा साबित हुईं। सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि हादसा प्रतापगढ़ के अंतू क्षेत्र में हुआ है। मामले में कार्रवाई वहीं की पुलिस करेगी।
बेटे के शव से लिपटकर रोती रहीं मां
शुभम की मौत से मां निर्मला बदहवास हो गईं। वह बेटे के शव से लिपटकर रोती रहीं। बहनें लवली और शालिनी तथा भाई सुधांशु का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। पिता त्रिवेणी प्रसाद मिश्र परिजनों को संभालते रहे। घर पहुंचे रिश्तेदारों ने शोक जताते हुए परिवार को सांत्वना दी।