गौरीगंज (अमेठी)। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल स्कूल धरौली व राघीपुर को संचालित करने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है। स्कूल में सुविधाओं की कमी न हो इसके लिए डीआईओएस ने दोनों स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रंगाई-पुताई व अन्य कमियां मिलने पर कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए सात दिन में अवशेष कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीआईओएस ने परिसर में पौधरोपण करते हुए नामांकन बढ़ाने तथा ऑनलाइन शिक्षण पद्धति से बच्चों को शिक्षित करने का निर्देश प्रधानाचार्य को दिया।
ग्रामीणांचल में इंटर तक बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग मुसाफिरखाना के धरौली व गौरीगंज के राघीपुर में पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल स्कूल संचालित कर रहा है। पिछले दिनों दोनों कॉलेज प्रधानाचार्य ने भवन की रंगाई-पुताई न होने के साथ कई अन्य कमियों की शिकायत डीआईओएस से की थी। प्रधानाचार्यों की शिकायत पर डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने दोनों स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कई जगह फर्श टूटने, रंगाई-पुताई ढंग से न होने तथा पानी व विद्युत की वायरिंग में कमी मिली। कमी मिलने से नाराज डीआईओएस ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश सहकारी निर्माण निगम के जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए सात दिन में रंगाई-पुताई व अन्य कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीआईओएस ने धरौली में 130 व राघीपुर में 30 छात्रों का नामांकन होने पर प्रधानाचार्यों को नामांकन बढ़ाने के साथ ही ऑनलाइन शिक्षण विधि से बच्चों को शिक्षित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद डीआईओएस ने परिसर में पौधरोपण किया।