जगदीशपुर (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर मंगलवार तड़के एसयूवी सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने पुलिस चेकिंग के नाम पर अलमारी से भरी पिकअप समेत चालक व खलासी को अगवा कर लिया।
चालक को जामो क्षेत्र में फेंककर बदमाश अलमारी लदी पिकअप को लेकर सुल्तानपुर की ओर फरार हो गए। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस शाम तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी थी। बदमाशों की तलाश में पांच टीमें सक्रिय की गई हैं।
कमरौली क्षेत्र में यूपीसीडा के सेक्टर 13 में अब्दुल जाऊद की मेट्रो अलमीरा के नाम से फैक्टरी है। सोमवार की रात चालक शिव कुमार व खलासी लवलेश फैक्टरी से पिकअप पर दस अलमारी लादकर वाराणसी के लिए निकले थे।
रात होने के चलते वाहन को शिवरतनगंज क्षेत्र के गांव पूरे मुराईन पन्हौना अपने घर लेकर ले गए। मंगलवार तड़के वाराणसी के लिए निकले। भोर में करीब चार बजे वह लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर जगदीशपुर क्षेत्र के सिधियांवा के पास पीछे से एसयूवी सवार लोगों ने ओवरटेक किया और खुद को पुलिस कर्मी बताते हुए पिकअप को रोकवा लिया।
वाहन पर अवैध सामान लादने की बात कहते हुए चालक व खलासी को एसयूवी में बैठा लिया। तीन बदमाश अलमारी लदी पिकअप को लेकर सुल्तानपुर की ओर भाग निकले। एसयूवी सवार बदमाश जामो थाने के समीप पास चालक व खलासी को वाहन से नीचे फेंककर फरार हो गए।
चालक ने जामो थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। एक सिपाही के फोन से फैक्टरी मालिक अब्दुल जाऊद को बताया। सूचना पर जगदीशपुर प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने जांच शुरू की लेकिन शाम तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा था। अब्दुल की तहरीर पर लूट का केस दर्ज कर पुलिस तफ्तीश कर रही है।
सक्रिय की गईं पांच टीमें : एसपी
एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए सीओ मनोज यादव के नेतृत्व में पांच टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें लूटे गए वाहन को बरामद करने के लिए पड़ोस के जिलों में भी रवाना कर दी गई हैं। लूटे गए वाहन पर 1.15 लाख कीमत की अलमारी बताई जा रही हैं।