भादर (अमेठी)। हाईवे पर पैदल जा रहे अधेड़ की बुधवार रात कार की चपेट में आने से मौत हो गई। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामगंज थाना क्षेत्र के अलिया का पुरवा मजरे त्रिसुंडी गांव निवासी रामप्यारे पाल (55) बीती रात निमंत्रण में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर त्रिसुंडी गांव स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के सामने सड़क पार करते समय प्रतापगढ़ से सुल्तानपुर की तरफ जा रही कार की चपेट में आने से वह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया।
घायल ग्रामीण को लोगों ने प्रतापगढ़ जिले के पीएचसी कोहंडौर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे ट्राॅमा सेंटर प्रयागराज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को सुबह मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एसओ अजयेंद्र पटेल ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पंचायतनामा के आधार पर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।