फुरसतगंज (अमेठी)। राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2025-26 से पांच नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत हो रही है। मंगलवार को प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. भृगुनाथ सिंह ने बताया कि बीटेक इन एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, बीटेक इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एवियोनिक्स), बीबीए इन एविएशन मैनेजमेंट, एमबीए इन एविएशन मैनेजमेंट और एमबीए इन एविएशन लॉजिस्टिक मैनेजमेंट की कक्षाएं अगस्त के अंतिम सप्ताह से शुरू होंगी।
उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया जोसा, सीयूईटी और सीसैब के माध्यम से चल रही है। विद्यार्थियों का चयन आईआईटी के विशेषज्ञों की समिति की ओर से साक्षात्कार के माध्यम से किया जा रहा है, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही विश्वविद्यालय इंडस्ट्री इंटीग्रेटेड बैचलर इन मैनेजमेंट स्टडीज और पीजी डिप्लोमा इन एयरपोर्ट ऑपरेशन कोर्स भी चला रहा है। छह माह का बेसिक फायर फाइटर, पांच सप्ताह का फायरमैनशिप और जूनियर व सीनियर फायर ऑफिसर पाठ्यक्रम भी संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी के बीएससी एविएशन फॉर सीपीएल कैडेट और बीएससी एएमई पाठ्यक्रम को भी मान्यता देकर डिग्री प्रदान करेगा। जनवरी 2026 से पीएचडी पाठ्यक्रम भी शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने आईआईटी रोपड़, पर्डु यूनिवर्सिटी (अमेरिका) व कोरिया एयरोस्पेस यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थानों से करार किया है ताकि शोध व शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल सके।
वर्तमान में चार से आठ अगस्त तक विश्वविद्यालय में एयरक्राॅफ्ट लीजिंग व फाइनेंसिंग पर अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।