भादर (अमेठी)। बीस दिन पूर्व ससुराल से मायके जाने के लिए घर से निकली युवती लापता है। विवाहिता के ससुर ने पीपरपुर पुलिस को युवती के गायब होने की तहरीर देकर उसे तलाशने की गुहार लगाई है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के लाल मिश्र का पुरवा खरगपुर निवासी पांचूराम कोरी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र अजय का विवाह 10 वर्ष पूर्व मठा कुड़वार निवासी तुलसीराम कोरी की पुत्री राजकुमारी के साथ हुआ था। विवाह के दो साल बाद राजकुमारी का अकेले मायके आना जाना लगा रहता था।
लगभग एक वर्ष पूर्व अजय कुमार अपनी पत्नी के साथ माता-पिता से अलग रहने लगा। इसी साल जुलाई में अजय कुमार रोजगार की तलाश में हरियाणा गया। लगभग बीस दिन पूर्व राजकुमारी अपने घर से बकरी लेकर मायके के लिए निकली।
25 सितंबर को राजकुमारी का मां उनके घर आई और पुत्री के घर नहीं आने की बात कही। बहू के गायब होने की जानकारी मिलने के बाद पांचूराम ने सगे संबंधियों के यहां उसे तलाशा पर कहीं सुराग नहीं लगा। पांचूराम ने पीपरपुर पुलिस से केस दर्ज कर उसे तलाशने का अनुरोध किया है।