इन्हौना (अमेठी)। क्षेत्र के कोटवा गांव में शुक्रवार सुबह कमरे में विवाहिता फंदे से लटकी मिली। जब तक विवाहिता को फंदे से उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सुरेश कुमार गांव में ही रहकर खेती करते हैं। किसान के मुताबिक बृहस्पतिवार रात भोजन करने के बाद उनकी पत्नी सुशीला (45) अलग कमरे में सोने गई थी। शुक्रवार सुबह जब पत्नी नहीं दिखाई पड़ी तो वह कमरे में गए। अंदर पहुंचे तो देखा कि सुशीला फंदे से लटकी है। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए।
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुशीला को फंदे से उतरवाया, हालांकि उसकी मौत हो चुकी थी। सुरेश कुमार ने बताया कि पत्नी ने ऐसा क्यों किया, उनकी समझ में नहीं आ रहा है। इंस्पेक्टर अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। यदि जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ कारण सामने आएगा तो मामले में कार्रवाई की जाएगी।