जगदीशपुर (अमेठी)। लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को सुल्तानपुर में आई तकनीकी खराबी के चलते ट्रेनों का संचालन छह घंटे तक प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। यात्री स्टेशन मास्टर केे कक्ष में जाकर अपनी-अपनी ट्रेनों के विषय में जानकारी करते नजर आए। ट्रेन कब तक आएगी इसका पता नहीं चलने पर अधिकांश यात्री वापस लौट गए।
लखनऊ-उतरेटिया-सुल्तानपुुर-वाराणसी रेल ट्रैक पर चलने वाली ट्रेनें मंगलवार सुबह 7:25 बजे जहां-तहां स्टेशनों पर खड़ी हो गईं। दरअसल सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक को जोड़ने के लिए स्टेशन कक्ष में लगे इलेक्ट्रिक पैनल में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते सभी ट्रेनें जहां-तहां स्टेशन पर खड़ी कर दी गईं।
इससे निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले यात्री गाड़ी में घंटों बैठने पर मजबूर हो गए। वहीं निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को अपने-अपने गंतव्य तक जाने के लिए छह घंटे का लंबा इंतजार करना पड़ा, कई यात्री तो बैरंग वापस लौट गए। कई यात्रियों ने अपने टिकट वापस कर दिए। लखनऊ से ट्रेन पकड़ने वाले कई यात्रियों की ट्रेनें छूट गईं। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से लखनऊ और सुल्तानपुर को प्रतिदिन आने-जाने वाले नौकरी पेशा यात्री या तो समय से नहीं पहुंच पाए या फिर गए ही नहीं।
बड़ी संख्या में आते-जाते यात्री
निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, जम्मू कश्मीर, जयपुर, राजस्थान, अजमेर, दिल्ली, कोलकाता व बिहार आदि जाने के लिए दूरदराज तक के यात्रियों का आना-जाना इसी स्टेशन से होता है। क्षेत्र के अगल-बगल के लगभग 40 किलोमीटर परिधि के गांव के यात्री यहीं से आते जाते हैं। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद लोग प्राइवेट साधन से अपने घरों को जाते हैं।
कहां खड़ी रहीं कौन सी ट्रेनें
लखनऊ वाराणसी के बीच अप में चलने वाली दो गाड़ी प्रभावित रहीं। वाराणसी से चलकर लखनऊ को जाने वाली वरुणा शटल एक्सप्रेस रोजाना सुबह 7:15 पर निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचती है। यह पखरौली रेलवे स्टेशन पर सुबह से फंसी रही। सुल्तानपुर से लखनऊ तक चलने वाली मेमो ट्रेन का संचालन सुबह से हो ही नहीं सका। इसी रूट पर डाउन में आने वाली गाड़ियों में बेगमपुरा एक्सप्रेस को हैदरगढ़ में खड़ा रखा गया यह गाड़ी निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर सुबह 8:40 बजे पहुंचती है। हावड़ा से चलकर हरिद्वार को जाने वाली हावड़ा-हरिद्वार एक्सप्रेस अनूपगढ़ रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
यह ट्रेन सुबह 9:40 बजे निहालगढ़ पहुंचती है। फरक्का एक्सप्रेस को अहमदनगर में खड़ी कर दिया गया यह सुबह 9:18 बजे निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची। कोटा से चलकर पटना को जाने वाली कोटा पटना एक्सप्रेस को उतरेटिया स्टेशन पर खड़ी कर दिया गया। यह ट्रेन निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर सुबह 8:55 पर पहुंचती है। इसके साथ ही इंदौर पटना एक्सप्रेस को चौबीसी में खड़ी कर दिया गया यह ट्रेन निहालगढ़ स्टेशन से सुबह 7:15 बजे क्रॉस करती है। सद्भावना एक्सप्रेस सुबह 6:41 बजे निहालगढ़ से सुल्तानपुर के लिए निकली थी जो बंधुआकला में जाकर खड़ी हो गई। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से सुबह निकलने वाली गाड़ियों में महामना एक्सप्रेस भी शामिल रही जो 8:30 बजे यहां से निकली थी और शिवनगर में जाकर खड़ी हो गई।
दोपहर में बहाल हुआ संचालन
स्टेशन अधीक्षक निहालगढ़ एलएल मीना ने बताया कि सुबह 7:25 से बाधित होने वाले ट्रैक का संचालन मंगलवार दोपहर 1:25 बजे बहाल हो सका। इसके बाद ही ट्रैक की सभी ट्रेनों का संचालन निर्बाध रूप से शुरू हुआ।