गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन रविवार को विभाग ने अचानक निरस्त कर दिया। इससे आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वालों को परेशानी हुई। उन्हें टिकट निरस्त कराने के साथ अन्य साधन से यात्रा करनी पड़ी।
कोविड संक्रमण काल में एक साल से अधिक समय तक निरस्त रहने के बाद पांच जुलाई से लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया था। रविवार को अचानक ट्रेन निरस्त कर दी गई।
ट्रेन निरस्त होने पर आरक्षित टिकट पर यात्री की तैयारी कर चुके लोगों को टिकट निरस्त करवाने के लिए घंटों बुकिंग काउंटर पर लाइन लगाने को मजबूर होना पड़ा। विभाग की ओर से इंटरसिटी एक्सप्रेस को निरस्त करने के पीछे जंघई स्टेशन के पास मरम्मत कार्य के लिए जारी ब्लॉक को कारण बताया गया है।
स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने रविवार को अप/डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस के निरस्त होने की पुष्टि की। बताया कि सोमवार से ट्रेन अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी। आरक्षित टिकट निरस्त करने पर यात्रियों को पूरा पैसा वापस किया गया है। नई तिथि का आरक्षित टिकट बुक किया जा रहा है।