गौरीगंज (अमेठी)। रामगंज क्षेत्र के ढेमा बाजार के व्यापारियों ने दो स्थानीय सिपाहियों पर चालान के नाम पर वसूली करने का आरोप लगाते हुए सीओ अमेठी से लिखित शिकायती की है। व्यापारियों ने मामले की जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारियों का आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे बाजार पहुंचे दो सिपाही 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक का चालान काटने लगे। विरोध करने सिपाही अभद्रता करने और फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी देने लगे। कुछ ही देर में काफी संख्या व्यापारी जमा हो गए।
इसके बाद सिपाही वहां से चले गए। इस मामले में आलमपुर की ग्राम प्रधान विमला, त्रिलोकपुर के ग्राम प्रधान अनिल वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष राम सूरत साहू समेत 46 व्यापारियों ने सीओ अर्पित कपूर को शिकायती पत्र दिया है। शिकायत में दोनों सिपाहियों पर आए दिन बाजार वसूली करने, विरोध करने पर गाली देने तथा फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।