गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयाग रेल ट्रैक के यात्रियों की परेशानी दो अगस्त से दूर हो जाएगी। दिन में ट्रैक पर एक भी छोटे स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव न होने से यात्रियों को परेशानी हो रही थी। लगातार यात्रियों की मांग पर रेलवे ने ट्रेन संचालन को हरी झंडी दे दी है। विभाग की मंजूरी मिलने के बाद जनसंपर्क अधिकारी ने ट्रेन की समय सारिणी जारी है।
प्रयागराज में रह कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के साथ संगम स्नान व दर्शन करने वालों को आगामी दो अगस्त से ट्रेन पर यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। कोविड संक्रमण के बाद से बंद लखनऊ-प्रयागघाट पैसेंजर बंद होने से तीर्थराज प्रयाग की यात्रा करने वालों को निजी वाहनों से यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा था। ट्रैक के छोटे स्टेशनों की यात्रा करने के लिए भी यात्रियों को निजी या किराए के वाहन का सहारा लेना पड़ रहा था।
संक्रमण की रफ्तार समाप्त होने के बाद व लगातार यात्रियों की मांग पर रेलवे ने लखनऊ-प्रयागराज संगम (ट्रेन संख्या-04255/56) के संचालन को मंजूरी प्रदान की है। विभाग की मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन दो अगस्त से प्रतिदिन लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयागराज के बीच पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर ठहराव के लिए साथ संचालित होगी। विभाग की मंजूरी मिलने के बाद जनसंपर्क कार्यालय उत्तर रेलवे की ओर से ट्रेन की समय सारिणी भी जारी की गई है।
जारी समय सारिणी के अनुसार दो अगस्त से सुबह 5:25 बजे लखनऊ से रवाना होकर 8:59 पर गौरीगंज स्टेशन पर ठहराव के साथ दोपहर 1:25 बजे प्रयागराज संगम पहुंचेगी तो दोपहर 2:55 बजे प्रयागराज संगम से रवाना होकर शाम 7:06 बजे गौरीगंज में ठहराव के साथ रवाना होकर रात 12:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। सात सामान्य श्रेणी के डिब्बे तो दो एसएलआर वाले लखनऊ-प्रयागराज संगम ट्रेन में अनारक्षित टिकट पर यात्रियों को यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
मिला आदेश : सीएमआई
वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) रायबरेली दीनदयाल शुक्ल ने बताया कि जनसंपर्क कार्यालय की ओर से लखनऊ-प्रयागराज संगम ट्रेन संचालन व समय सारिणी जारी की गई है। दो अगस्त से प्रतिदिन ट्रेन ट्रैक के सभी स्टेशनों पर ठहराव के साथ संचालित होगी। ट्रेन संचालित होने के बाद यात्रियों को सुविधा मिलेगी।