अमेठी सिटी। होली का पर्व परंपरागत तरीके से शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह लोग डीजे की धुन पर पारंपरिक और फिल्मी गीतों पर थिरकते रहे। रंगों की सतरंगी बौछार, अबीर व गुलाल से सने चेहरे गुलाबी नजर आ रहे थे। रंग और अबीर के गुबार से पूरा वातावरण इंद्रधनुषी हो गया।
शहर के चौक, माधवपुर, कटरा लालगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना, भादर, रामगंज, संग्रामपुर, जगदीशपुर, जामो, इन्हौना, मोहनगंज और जायस के साथ जिलेभर में युवाओं ने जमकर होली खेली। डीजे की धुन पर थिरकते युवा अबीर, गुलाल और रंगों से सराबोर नजर आए। बच्चे गुब्बारे में रंग भरकर एक-दूसरे पर फेंक रहे थे। युवा रॉकेट पिचकारी से रंगों की बौछार कर रहे थे। सुबह से लेकर दोपहर तक लोग होली की मस्ती में डूबे रहे।
आने-जाने वालों पर भी रंग बरसाया गया। गांवों में होली का नजारा भी शहर जैसा ही रहा। होरियारे गीत गाते हुए होली के जश्न में डूबे रहे। सुबह मीठे और नमकीन पकवान बनाने के बाद दोपहर में महिलाओं की टोली मोहल्ले और गांव में होली खेलने निकली। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। शाम को होली मिलन का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।
मिट्टी से खेली होली
अमेठी सिटी। जिले के शुकुलपुर ग्रामसभा में इस बार होली का त्योहार रंग-गुलाल के बगैर मनाया गया। घरों के सामने पानी भरकर उसमें एक-दूसरे को सराबोर कर ग्रामीणों ने होली खेली। गांव के वरिष्ठ नागरिक डीएम मिश्रा ने बताया कि यह परंपरा गांववासियों को एकजुट करने की पहल है। युवा सत्यम मिश्रा और गोलू ने बताया कि होली के दिन लोग टोली बनाकर एक-दूसरे के घर जाते हैं, घर के बाहर पहले से भरे गए पानी में सभी को सराबोर कर होली के गीतों पर झूमते हैं। केमिकल रंगों से दूरी बनाकर ग्रामीणों ने सेहत और बजट दोनों को महफूज रखने की पहल की। (संवाद)
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बाबादीन ने जीती बाइक
जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय चौराहा स्थित पुलिस बूथ के सामने होली पर्व पर शुक्रवार को आयोजित दही मटकी फोड़ प्रतियोगिता में कई गांव की टोली पहुंची। इस प्रतियोगिता में निहालगढ़ कस्बा निवासी बाबादीन शर्मा ने जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर बाबूपुर के शिवा गुप्ता रहे। जगदीशपुर प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बाबादीन को बाइक और शिवा को कूलर देकर हौसला अफजाई की। (संवाद)
सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में जवानों ने खेली होली
भादर (अमेठी)। त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के जीसी परिसर में डीआईजी राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने सहायक कमांडेंट अभिषेक मिश्रा, अमित सिंह सहित अन्य जवानों संग होली खेली। रायपुर में विकास पाल, रामगंज में विजय प्रकाश गुप्ता, मंगली दुर्गापुर में अरुण बरनवाल, अग्रेसर में राम अचल यादव, पीपरपुर में लाल माधव सिंह, दहियावा में राजेश सिंह की मौजूदगी में युवाओं की टोली ने जमकर होली खेली। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल अबीर लगाकर गले मिले। (संवाद)
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का त्योहार
इन्हौना( अमेठी)। सेमरौता गांव स्थित बाबा उजियारनाथ मंदिर परिसर में प्रदीप मिश्र ने होरी खेलै रघुबीरा अवध मा को गाकर समा बांध दिया। बम भोला करय स्नान महादेव पार्वती पनियां भरैं गीत से जमकर तालियां बटोरी। देवी शंकर ने हंसि पूछैं जनकपुर कि नारि नाथ कैसे गज के फंद छुड़ायो से लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। (संवाद)
पन्हौना गांव में निकाली फूलडोल यात्रा
सिंहपुर (अमेठी)। होली पर्व पर पन्हौना गांव में परंपरा के अनुसार ऐतिहासिक फूलडोल यात्रा व रात्रि में नाट्य मंचन किया गया। शुक्रवार को परंपरा के अनुसार फूलडोल यात्रा निकाली गई। गांव भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने अपने दरवाजे पर आरती पूजन कर भव्य स्वागत किया। रात में नाट्य मंचन हुआ। इस दौरान मिंटू सिंह, जयकांत श्रीवास्तव, लक्ष्मी, विजय, सत्यदेव तिवारी, रविकांत श्रीवास्तव, सूर्य बक्श सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)