अमेठी सिटी। दीपावली पर्व से पहले प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। विस्फोटक अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित सुरक्षा मानकों और शर्तों का पालन न करने पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने तीन पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। यह कार्रवाई संबंधित उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी की रिपोर्ट पर की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं।
गौरीगंज के राजगढ़ निवासी चांद बाबू, मुसाफिरखाना के कस्थुनी पश्चिम गांव निवासी मोहम्मद अख्तर और मोहनगंज के तिलोई निवासी मो. शमीम लाइसेंस धारक थे। टीम ने जांच में पाया कि तीनों ने सुरक्षा और भंडारण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी हुई थी। जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली पर्व पर जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के अन्य वैध पटाखा विक्रेताओं की भी सघन जांच करें, ताकि सभी सुरक्षा बिंदुओं का अनुपालन सुनिश्चित हो सके। डीएम ने कहा कि प्रशासन किसी भी स्तर पर सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं करेगा।