अमेठी। दुर्गापुर रोड हरदेव नगर स्थित एक एजेंसी गोदाम को रविवार रात चोरों ने निशाना बनाया। दीवार में नकब लगाकर अंदर पहुंचे चोर 5.30 लाख रुपये नगद समेत करीब दस लाख रुपये कीमत का सामान चुरा ले गए। सोमवार सुबह दुकान पर सामान बिखरा व दीवार कटी देख एजेंसी मालिक के होश उड़ गए। पुलिस पीड़ित की तहरीर पर पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गापुर रोड हरदेव नगर निवासी व्यवसायी यमुना प्रसाद तिवारी निजी मकान में ही लक्ष्मी इंटरप्राइजेज व हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड की एजेंसी का संचालन करते हैं। एजेंसी गोदाम व ऑफिस एक ही स्थान पर है। रविवार रात चोरों ने यमुना प्रसाद तिवारी की एजेंसी को निशाना बनाया। मकान के पीछे की दीवार में नकब लगाकर अंदर दाखिल हुए चोरों ने एजेंसी में मौजूद 5.30 लाख रुपये नगद, कैमरा, मोबाइल, लैपटॉप समेत भारी मात्रा में कॉस्मेटिक व अन्य सामान चोरी कर लिया।
सोमवार सुबह यमुना प्रसाद तिवारी एजेंसी पहुंचे तो सामान बिखरा देख व दीवार कटी देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। पीड़ित ने बताया कि शनिवार और रविवार का 5.30 लाख रुपये का कलेक्शन आया हुआ था। बैंक बंद होने के कारण कैश नहीं जमा हो सका था। जिसको दुकान में रखा गया था।
सुबह जब सात बजे दुकान पर आए तो देखा कि पीछे की दीवार में सेंध लगी थी। चोरी के 5.30 लाख रुपये नगद समेत करीब दस लाख रुपये का सामान गायब हुआ है। कोतवाली से महज 500 मीटर दूरी पर हुई इस चोरी ने पुलिस गश्त की पोल भी खोल दी है। कोतवाली प्रभारी उमाकांत शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई के साथ चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।