अमेठी सिटी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तुत बजट में परिवहन सेवाओं के विस्तार का फायदा अमेठी जिले को मिलेगा। जिले के लोगों के लिए यह खासा हितकर साबित हो सकता है। इससे जिले का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा। साथ ही आवागमन के लिए परेशानी झेल रहे लोगों को भी सहूलियत मिलेगी।
उड़ान सेवाओं की बात करें तो इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी फुरसतगंज में टर्मिनल भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। यहां से दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू होने की संभावना है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और विद्यार्थियों, मरीजों व उद्यमियों की यात्रा सुविधाजनक होगी। गौरीगंज जिला मुख्यालय, नगर पालिका परिषद जायस और बाजारशुकुल में आधुनिक बस स्टॉप का निर्माण प्रस्तावित है। बजट मिला तो इन तीन प्रमुख स्थानों से परिवहन की समस्या दूर हो जाएगी। बस अड्डों पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों के खर्च में भी कमी आएगी।