गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिले में तेजी से बढ़ती जा रही है। जिले का जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया इन दिनों कोरोना हाट स्पॉट बनता जा रहा है। जगदीशपुर में ही संचालित बीएचईएल व इंडोगल्फ फर्टिलाइजर कंपनी के साथ ही एचएएल परिसर में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। 15 दिन में जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 107 पहुंच गई है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया कोरोना हाट स्पॉट बनता जा रहा है। एरिया तथा कस्बे में संचालित बीएचईएल कंपनी में इस समय सात-सात तो इंडोगल्फ फर्टिलाइजर कंपनी में तीन संक्रमित पाए गए हैं। मुंशीगंज के कोरवा में स्थित एचएएल कंपनी में भी संक्रमितों की संख्या चार हो गई है। 29 दिसंबर को दो संक्रमित मिलने से पॉजिटिव केस का शुरू हुआ सिलसिला 15 दिन में ही सौ का अंाकड़ा पारकर 107 पर पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिपोर्ट में पॉजिटिव आते ही उस क्षेत्र की रैपिड रिस्पांस टीम को तत्काल संक्रमित के घर व गांव में भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित के घर पहुंचकर उसे होम आइसोलेट करने के साथ ही उन्हें कोरोना किट भी मुहैया करा रहे हैं। उस परिवार के साथ पूरे गांव में सैंपलिंग भी की जा रही है। फिलहाल अभी तक मिले संक्रमितों के परिवार में कोई दूसरा संक्रमित नहीं मिला है। अब तक मिले संक्रमितों में 34 बिना लक्षण वाले पाए गए हैं तो शेष में हल्के लक्षण पाए गए हैं।
सीएमएसडी स्टोर प्रभारी डॉ. राजीव सौरभ ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में कोरोना किट उपलब्ध है। अब तक जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी अधीक्षकों को वयस्कों के लिए 95,480 तो बच्चों के लिए 30,008 किट मुहैया कराई जा चुकी है। इसके बाद भी उनके स्टोर में 50 हजार किट मौजूद हैं। किट में एजिथ्रोमाइसीन, आइवर मेक्टिन, पैरासीटामोल, विटामिन-सी, जिंक तथा डाक्सीसाइक्लीन समेत कोरोना संबंधी सभी दवाएं मौजूद हैं।
कोरोना के नोडल एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद के अनुसार जिले में 29 दिसंबर से कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला शुरू हुआ है। 29 व 30 दिसंबर को दो-दो, 31 को एक, एक जनवरी को एक, चार को दो, पांच को तीन, छह को दो, सात को दस, आठ को 11, नौ को तीन, दस को 12, 11 को 31, 12 को 13 तथा 13 जनवरी को 14 संक्रमित पाए गए हैं। कहा कि सभी सीएचसी पर गठित रैपिड रिस्पांस टीम सक्रिय कर दी गई है। सूचना मिलते ही संक्रमित के घर पहुंचकर संक्रमित को होमआइसोलेट कराने के साथ ही उन्हें व उनके परिवार को बचाव की विस्तार से जानकारी देते हुए हर रोज उनकी मॉनीटरिंग की जा रही है।