मोहनगंज थाने में पकड़े गए आरोपी। -निजी सूत्र
अमेठी सिटी। मोहनगंज थानाक्षेत्र में चल रही अवैध शस्त्र फैक्टरी का शुक्रवार को भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने मौके से निर्मित व अर्धनिर्मित तमंचे संग कई अन्य उपकरण बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों ने तमंचा तस्करी की बात भी स्वीकारी है।
थानाक्षेत्र के उसरी से फूला मार्ग पर बाग में बनी कोठरी में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का शुक्रवार को पुलिस को पता चला। जानकारी के बाद टीम गठित कर घेराबंदी की गई। पुलिस की भनक लगते ही वहां मौजूद चार लोग भागने लगे तो सभी को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए लोगों की पहचान नसीराबाद थानाक्षेत्र के रायपुर टोड़ी गांव निवासी राघवेंद्र सिंह, जगदीशपुर थानाक्षेत्र के सुब्बा का पुरवा मधुपुर गांव निवासी महेश कुमार, कनपुरिया गांव निवासी पंकज सिंह और मोहनगंज थानाक्षेत्र के खानापुर चपरा गांव निवासी अंकित उर्फ संतोष के रूप मेें हुई। मौके से तीन-तीन निर्मित व अर्ध निर्मित तमंचे, सात अर्ध निर्मित नाल, दो जिंदा कारतूस, धौकनी, एक छोटा सिलिंडर, ड्रिल मशीन, हथौडी, कटर, आरी और अन्य उपकरण बरामद हुआ। एसएचओ राकेश सिंह ने बताया कि चारों के खिलाफ केस दर्ज कर चालान कोर्ट भेजा गया है।