बाजारशुकुल थाने के समदा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बाजारशुकुल (अमेठी)। थाना क्षेत्र में समदा गांव के पास गोमती किनारे लगे जंगल जलेबी पेड़ से गिरकर एक बालिका नदी में बह गई। गोताखोर व स्थानीय लोग बालिका को नदी से तलाश रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक बालिका का पता नहीं चल सका था। पुलिस का कहना है कि नदी में डूबी बालिका की तलाश की जा रही है।
सुल्तानपुर जिले के निवासी सत्य प्रकाश निषाद की आठ साल की बेटी शिवानी इन दिनों बाजारशुकुल थाने के समदा गांव में अपनी नानी धनपता के यहां आई थी। रविवार दोपहर वह गांव के ही दो अन्य बच्चों मोहन व रेशमा के साथ गोमती नदी के किनारे जंगल जलेबी तोड़ने गई थी। बताते हैं कि एक पेड़ गोमती नदी के किनारे पर था। उसकी पर चढ़े हुए यह बच्चे जंगल जलेबी तोड़ रहे थे। तभी शिवानी अचानक पेड़ से गिरकर नदी में बह गई। यह देखकर साथ मौजूद दोनों बच्चों ने भाग कर गांव में खबर दी। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक शिवानी बह चुकी थी। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से घटना स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जाल लगाते हुए तलाश शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक शिवानी की तलाश नहीं हो सकी। शिवानी के नदी में बहने के बाद मां मनीषा व नानी धनपता का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ तनुज पाल ने बताया कि नदी में पानी का बहाव तेज होने से डेढ़ किलाे मीटर दूर उरेरमऊ घाट पर जाल लगवाने के साथ स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश की जा रही है।
शिवानी। (फाइल फोटो)