अव्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुआ पीएचसी महोना में आरोग्य मेला फोटो संख्या-12
संवाद न्यूज एजेंसी
बाजार शुकुल (अमेठी)। गांव में ही लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने की शासन व सीएमओ की कोशिश को जिम्मेदार ही असफल करने में जुटे है। रविवार को महोना पीएचसी में 10:30 बजे डॉक्टर के नहीं पहुंचने से मरीजों को प्रतीक्षा करनी पड़ी। मरीजों को कोई यह बताने को तैयार नहीं हुआ कि डॉक्टर कब आएगें। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महोना में आयोजित स्वास्थ्य मेले में सुबह 10:30 मरीज चिकित्सक का इंतजार करते रहे।
फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार ने बताया कि डॉ. एसए अजीजी व डॉ. रमाकांत छुट्टी पर है उनके स्थान पर डॉक्टर दिनेश की ड्यूटी लगाई गई है वह आते ही होंगे। महोना निवासी आयशा बानो अपने ढ़ाई साल के बच्चे रौनक का उपचार कराने आई थी। वहीं पूरे लाला गांव निवासी चंदा अपनी डेढ़ साल की बेटी नेहा का उपचार कर दवा लेने का डॉक्टर का इंतजार कर रही है।
खालिस बाहरपुर निवासी सोमनाथ, शुक्ल का पुरवा बृजेश कुमार व पूरे लाला निवासी प्रेमा देवी भी सुबह मेले में पहुंच चिकित्सक को दिखाने का इंतजार करती मिली। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर सुधीर कुमार वर्मा कहना है कि मेले में यदि डॉक्टर समय नहीं पहुंचे है तो मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।