अमेठी सिटी। ईरान के साथ जारी इस्राइल व अमेरिका के युद्ध का असर अब रसोई घरों पर भी दिखने लगा है। गैस सप्लाई में आई कमी के चलते जिले में सिलिंडरों की मांग अचानक बढ़ गई है। इस कारण विभिन्न कंपनियों का बुकिंग सर्वर भी ठप हो गया है, इससे समस्या जटिल होती जा रही है। बुधवार को विभिन्न एजेंसियों व गोदामों पर सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जुटने से जमकर धक्कामुक्की हुई। लोगों को घंटों कतार में खड़े होकर इंतजार करने के बाद भी सिलिंडर न मिल पाने से खाली हाथ लौटना पड़ा। किल्लत के चलते कई जगह भरे सिलिंडरों की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। भरा सिलिंडर पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये तक बेचा जा रहा है।
जिले में प्रतिदिन एलपीजी गैस सिलिंडरों की औसतन खपत 5500 से 5800 के बीच, लेकिन सप्लाई में कमी की अफवाह से वर्तमान में यह मांग बढ़कर दोगुना हो गई है। इसके चलते सर्वर पर पड़े लोड के कारण घरेलू कनेक्शन पर सिलिंडर की बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। डीएम संजय चौहान ने बताया कि मंगलवार को ही सप्लाई से जुड़ी इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम के प्रबंधन से वार्ता हुई। एक सप्ताह का स्टॉक रिजर्व है। किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। कालाबाजारी करने वालों पर भी सख्ती होगी।
रोजा में लगानी पड़ रही लाइन
कमरौली। जगदीशपुर के अलमापुर स्थित एचपी गैस एजेंसी के बाहर दोपहर 12 बजे लोगों का रेला लगा था। बाबू सरैया निवासी सबीना बानो ने बताया कि वह तीन दिन से गैस लेने आ रही हैं, लेकिन हर बार वापस लौटना पड़ा। बुधवार को वह सुबह से लाइन में खड़ी हैं। वहीं बड़े गांव की रुखसाना ने कहा कि रमजान के महीने में रोजा रखते हुए भी उन्हें गैस के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।
सिलिंडर की आवक हुई कम
जगदीशपुर की महालक्ष्मी भारत गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी जाफरगंज के बाहर दोपहर एक बजे करीब 150 उपभोक्ता कतार में खड़े मिले। कलंदरगढ़ की मोहतीना ने बताया कि हमने तीन महीने पहले सिलिंडर लिया था। अब ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। अभय गैस एजेंसी के संचालक अभय सिंह ने बताया कि यहां से प्रतिदिन 500 सिलिंडर की आपूर्ति होती है, लेकिन 21 फरवरी से अब तक केवल सात बार ही गाड़ी आई है, जबकि पहले लगभग प्रतिदिन गाड़ी आती थी।
सिलिंडर हैं, लेकिन भीड़ बहुत है
अमेठी में दुर्गापुर सड़क स्थित प्रकाश गैस एजेंसी और बघवरियास के पास गोदाम के बाहर दोपहर करीब तीन बजे तक सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की कतार लगी दिखी। कतार में खड़े खेरौना निवासी मनोज यादव ने बताया कि आज चचेरी बहन की शादी है। सुबह से सिलिंडर के लिए खड़े हैं। संचालक सरदार मंदीप सिंह ने बताया कि बुकिंग के आधार पर ही लोगों को सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है।
मैसेज में डिलीवरी, नहीं आया सिलिंडर
एचपी गैस एजेंसी के उपभोक्ता विकास अग्रहरि ने बताया कि एक मार्च को गैस बुक कराने के बाद सात मार्च को डिलीवरी का मैसेज आ गया। नौ मार्च को खाते में 38 रुपये की सब्सिडी भी आ गई, लेकिन बुकिंग का सिलिंडर अभी तक घर पर नहीं मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत कर संबंधित एजेंसी पर खुलेआम सिलिंडरों की कालाबाजारी करने की शिकायत भी दर्ज कराई है।
पांच मार्च से नहीं मिल रहे सिलिंडर
तिलोई। मुख्यालय पर इंडेन गैस एजेंसी है। एजेंसी संचालक श्वेता त्रिवेदी ने बताया कि यहां आखिरी बार चार मार्च को 360 सिलिंडर वितरित किए गए। पांच मार्च से अब तक सिलिंडर की खेप नहीं आई है। यहां 18 हजार घरेलू और 300 कमर्शियल उपभोक्ता पंजीकृत हैं। सतगंवा के राम शंकर मौर्य बताते हैं कि सिलिंडर मिलना तो दूर, ऑनलाइन आवेदन तक नहीं हो रहा है।
सर्वर ठप, उपभोक्ता परेशान
फुरसतगंज। गैस एजेंसी का सर्वर न चलने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता गंगा तिवारी, प्रताप, सबीना, रुखसाना, मुमताज और शाहिद ने बताया कि वे बुधवार सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया। कभी सर्वर खराब हो जाता है तो कभी ओटीपी नहीं आती।