जगदीशपुर (अमेठी) जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में हिमस्खलन में शहीद नायक का शव सोमवार देर शाम पैतृक गांव गूंगेमऊ पहुंचा। फैजाबाद से आए डोगरा रेजीमेंट के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद अंतिम संस्कार किया गया। शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मौजूद हर किसी के आंखों से आंसू निकल रहे थे। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जगदीशपुर के गूंगेमऊ गांव निवासी उत्तम सिंह भारतीय सेना के 11 मयार रेजिमेंट में सिंतबर 2018 से जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नायक पद पर कार्यरत थे। शनिवार को ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन में उत्तम सिंह दब गए थे। साथियों ने रेस्क्यू कर रविवार को उत्तम सिंह को बर्फ से बाहर निकाल सैन्य अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार देर शाम उत्तम का शव गूंगेमऊ गांव पहुंचा। जहां गांव किनारे स्थित बाग में मृत नायक का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पूर्व फैजाबाद स्थित डोगरा रेजीमेंट के मेजर जगदीप सिंह के नेतृत्व में आई टीम ने सैनिक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
नायक के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने गमगीन माहौल में शहीद उत्तम सिंह को अश्रुपूर्ण विदाई दी। इस मौके पर डीएम अरुण कुमार, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, एसडीएम मुसाफिरखाना रामशंकर, सीओ संतोष सिंह, एसएचओ राजेश कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रो-रोकर परिवार का बुरा हाल
शहीद उत्तम सिंह के मौत की सूचना रविवार को परिवारीजनों को मिली। सूचना के बाद से ही परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सोमवार देर शाम जैसे ही शहीद का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही मां साबरमती व पत्नी रागिनी सिंह तो रो-रोकर बेहोश हो जा रही थीं। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही मौके पर मौजूद गांव व क्षेत्र के संभ्रांत लोग भी अपनी आंसू नहीं रोक सके। शहीद की मौत से गांव का माहौल गमगीन रहा तो रविवार से ही लोगों के घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
परिवार को दी गई 25 लाख रुपये अनुग्रह राशि
जगदीशपुर। जगदीशपुर के गूगेमऊ गांव निवासी व 11 महार रेजिमेंट में नायक पद पर कार्यरत उत्तम सिंह शनिवार देर शाम ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन में दब गए थे जिसमें उनकी मौत हो गई। मौत के बाद विभाग ने मामले की सूचना परिवारीजनों के साथ जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार को दी।
सूचना मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने नायक उत्तम सिंह को शहीद का दर्जा देते हुए 25 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा रविवार को ही कर दी थी। प्रदेश सरकार का निर्देश मिलने के बाद सोमवार को एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने पत्नी रागिनी सिंह पुत्र निर्वाण सिंह व पार्थ सिंह के खाते में 20 लाख रुपये तथा मां साबरमती के खाते में पांच लाख रुपये बाद दोपहर उनके खातों में ट्रांसफर करा दिया।