जगदीशपुर स्थित इंडोरामा पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर
जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडोरामा पब्लिक स्कूल विद्यालय में सीबीएसई क्लस्टर-5 फुटबॉल बालक वर्ग प्रतियोगिता का शुभारंभ बृहस्पतिवार को हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आईं 14 टीमें पहुंचीं। प्रतियोगिता के पहले दिन मैच का शुभारंभ बच्चों ने मार्च पास्ट के साथ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंडोरामा इकाई के इकाई प्रमुख राजेंद्र शांखे ने झंडा रोहण और कबूतर उड़ाकर शुभारंभ किया।
टूर्नामेंट के पहले दिन एमएल कान्वेंट स्कूल प्रयागराज, जीडी गोयनका स्कूल गोरखपुर, एबी स्कूल सोनभद्र, संबीम स्कूल शनसिटी वाराणसी, आईआरपीएस जगदीशपुर सहित 14 टीमों ने भाग लिया। सीबीएसई क्लस्टर-5 फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस दौरान बच्चों ने हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां दीं।
मुख्य अतिथि इकाई प्रमुख राजेंद्र शांखे ने कहा कि खेल जीवन जीने की कला सिखाते हैं। खिलाड़ी को जीवन में हार-जीत की परवाह न करके आगे बढ़ना चाहिए। सच्चा खिलाड़ी कभी भी हार और जीत की परवाह नहीं करता। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य स्नेहाशीष मुखर्जी ने कहा कि केंद्र के साथ-साथ प्रदेश सरकार की खेल नीति से आज बच्चों को खेलों में बेहतर अवसर मिल रहे हैं।