मेडिकल कॉलेज तिलोई में भर्ती फूड प्वाइजनिंग के मरीज। स्रोत- मेडिकल कॉलेज
तिलोई। मोहनगंज के पूरे कुटिया मजरे कोटवा गांव में शरद पूर्णिमा के मेले में खस्ता खाने से बीमार ग्रामीणों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। बृहस्पतिवार रात पांच और ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को मेडिकल कॉलेज तिलोई में भर्ती कराया गया है। यहां फूड पॉइजनिंग के मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाकर उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, भर्ती मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है।
बृहस्पतिवार रात पड़ोसी गांव बेसरवा निवासी मोहित (24), आदर्श (18), पूरे दूंदी निवासी प्रांशी (17), भदसाना निवासी निर्मला (45) और कोटवा निवासी शायरा (29) की तबीयत बिगड़ गई। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उधर, कोटवा गांव में ग्रामीणों की जांच के लिए लगाया गया स्वास्थ्य शिविर समाप्त हो गया है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम आसपास के गांवों में बीमार लोगों को चिह्नित कर रही है।
खस्ता बेचने वाला दुकानदार और तेल सप्लायर गिरफ्तार
मेले में खस्ता और चाट बेचने वाले दुकानदार राजकुमार, उनके बेटे मोहित और तेल सप्लायर मेंटरवा निवासी शिवकुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके चौहान ने बताया कि जांच में घटिया सामग्री और मानकविहीन तेल के इस्तेमाल की बात सामने आई है। तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस्तेमाल किए गए तेल का नमूना जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि विभागीय जांच के आधार पर दर्ज रिपोर्ट के तहत आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।