गौरीगंज (अमेठी)। स्थानीय थाने के पूरे पतई मजरे ऐंधी गांव में नहर से खेत में पानी लगाने के विवाद में सोमवार देर शाम दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बाद में एक पक्ष की ओर से बुलाने पर लग्जरी वाहनों से पहुंचे बदमाशों ने न सिर्फ दूसरे पक्ष के लोगों को लोहे की रॉड व लाठी डंडों से जमकर मारा पीटा बल्कि दहशत फैलाने के लिए चार राउंड फायरिंग भी की। घटना में सात लोगों के घायल होने की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
गौरीगंज थाने के पूरे पतई मजरे ऐंधी गांव में धान की सिंचाई के लिए नहर से पानी लगाने के विवाद में सोमवार को अजीत प्रताप सिंह व अरुण सिंह पक्ष के बीच विवाद हो गया। अरुण के पक्ष का आरोप है कि देर शाम अजीत पक्ष के लोगों ने अरुण पक्ष के रविवंश सिंह को मारा पीटा।
चीख पुकार पर वे परिवार के ही यदुवंश के साथ मौके पर पहुंचे तो उन दोनों को भी पीटा गया। अजीत के पक्ष के लोगों ने फायरिंग भी की। उधर, अजीत के पक्ष का आरोप है कि रात करीब आठ बजे अरुण के पक्ष के लोगों ने (इसमें चार-पांच लग्जरी वाहनों से पहुंचे असलहों से लैस बदमाश भी शामिल) उनके घर पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने उनके पक्ष के त्रिभुवन, मदन मोहन सिंह, राजेश्वरी सिंह व राहुल सिंह को जमकर पीटा। अरुण के साथ पहुंचे बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग भी की। विवाद की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में उपचार के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने यदुवंश मणि की तहरीर पर अजीत प्रताप सिंह, उदय प्रताप सिंह, राहुल सिंह व त्रिभुवन तो अजीत प्रताप की तहरीर पर यदुवंश, रविवंश, अरुण व अशोक के साथ कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीने से मना करने पर पिटाई, गंभीर
गौरीगंज। स्थानीय थाने के रामपुर कुड़वा गांव में सोमवार रात रास्ते में शराब पी रहे लोगों को मना करना रामकैलाश को भारी पड़ा। शराब पीने से मना करने से नाराज गांव के ही शिवकांत, उमाशंकर व संदीप ने सोमवार देर शाम राम कैलाश के घर पर धावा बोल दिया। दबंगों ने कुल्हाड़ी व डंडों से रामकैलाश की जमकर पिटाई की। चीख-पुकार पर एकत्र परिवारीजनों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।