अमेठी। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम अपने मासूम बेटे को लेकर ट्रैक पार कर रहा एक युवक इंजन की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पिता-पुत्र मिर्जापुर जिले के रहने वाले थे।
लखनऊ से एक रेलवे इंजन मंगलवार को प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। शाम करीब 5:30 बजे इंजन अमेठी स्टेशन से होकर गुजर रहा था कि तभी गोद में मासूम को लेकर ट्रैक पार कर रहा एक युवक उसकी चपेट में आ गया।
युवक को इंजन की चपेट में आता देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक महिला दौड़ कर मौके पर पहुंची और दहाड़े मार कर रोने लगी। इस दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्टेशन मास्टर सतीश सिंह और आरपीएफ के उप निरीक्षक एसके राय ने महिला से पूछा तो उसने अपना नाम अनीता बताते हुए मृतक को अपना पति अजय कुमार (25) व चार वर्षीय मासूम को अपना पुत्र अरुण बताया।
महिला ने बताया कि वे घुमंतू बिरादरी के हैं और आज ही मिर्जापुर से अमेठी आये थे। आरपीएफ के उप निरीक्षक एसके राय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना जीआरपी प्रतापगढ़ को दे दी गई है। जीआरपी ही दोनों के शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी।