03 : अमेठी : जूनियर हाईस्कूल की भूमि पर हो रही खेती का निरीक्षण करने पहुंची राजस्व टीम।
- फोटो : AMETHI
अमेठी। विकास खंड भादर के जूनियर हाईस्कूल भादर के लिए कृषि फार्म व खेल मैदान के लिए आरक्षित भूमि पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर खेती कर रहे थे। पौधरोपण कराने के लिए जब प्रधानाध्यापक मौके पर गए तो वहां पूरी भूमि पर खेती की गई थी।
प्रधानाध्यापक की शिकायत पर राजस्व टीम पैमाइश करने पहुंची लेकिन पूरी भूमि पर धान की फसल मौजूद होने के चलते पैमाइश नहीं कर सकी। टीम में शामिल अफसर कब्जाधारकों को नोटिस देकर भूमि से अपना अतिक्रमण स्वयं हटाने का निर्देश देकर वापस लौट आए।
विकास खंड भादर स्थित जूनियर हाईस्कूल भादर के कृषि फार्म तथा खेल मैदान के लिए पड़ोस के राजस्व गांव मानापुर में 0.1130 हेक्टेयर भूमि अभिलेखों में दर्ज है। स्कूल की उक्त भूमि पर पौधरोपण का निर्देश मिलने के बाद प्रधानाध्यापक संजीव भारती जब वहां गए तो पूरी भूमि पर खेती होते पाया।
प्रधानाध्यापक ने इसकी शिकायत पिछले समाधान दिवस पर अफसरों से की। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम महात्मा सिंह नेे राजस्व निरीक्षक भादर अनिरुद्ध श्रीवास्तव को भूमि का चिह्नांकन/पैमाइश का निर्देश दिया। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक अनिरुद्ध श्रीवास्तव क्षेत्रीय लेखपाल गौरव सिंह को साथ लेकर मंगलवार को मानापुर गांव पहुंचे।
स्कूल की आवंटित भूमि तथा आसपास की भूमि पर धान की रोपाई होने के चलते पैमाइश नहीं हो पाई। मौके पर मौजूद गांव के लोगों ने बताया कि पास के गांव सरैया के लोग काफी दिनों से उक्त भूमि पर खेती कर रहे हैं।
राजस्व निरीक्षक ने अवैध कब्जा करने वाले लोगों को बुलाकर उन्हें नोटिस देकर स्कूल व खेल मैदान और ग्राम समाज के खाते की सभी भूमि को अविलंब खाली करने की चेतावनी दी। इस दौरान शिक्षक देवांशु सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निहाल चंद, राजेंद्र पाल व वेद प्रकाश आदि मौजूद रहे।