सिंहपुर। शिवरतनगंज-सिंहपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार को मवेशी से बाइक टकराने से किसान सूर्यपाल (56) की मौत हो गई, जबकि उनका भाई शिवशंकर (55) घायल हो गया। घायल शिवशंकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
शिवशंकर के मुताबिक उनके बड़े भाई सूर्यपाल खेती-किसानी करते थे। दोनों बाइक से एक निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे और बाइक शिवशंकर चला रहे थे। सिंहपुर के पास अचानक मवेशी सामने आ गया, जिससे बाइक टकरा गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने सूर्यपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवशंकर को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि हेलमेट पहनने से उनकी जान बच गई। सूर्यपाल की मौत के बाद पत्नी बेसुध हैं, जबकि बेटे गुरुप्रसाद और बेटियां नीता व निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण और रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हैं। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।