शाहगढ़/सिंहपुर। शिवरतनगंज क्षेत्र में सोमवार शाम अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक किसान और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक हादसे में किसान की पत्नी घायल हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस मामलों की जांच में जुटी है।
पहली घटना में शिवरतनगंज के तोतानगर मजरे जुगराजपुर गांव निवासी सहदेव (50) सोमवार शाम साइकिल से सेमरौता-कठौरा मार्ग पर जा रहे थे। गांव के पास एक बाइक की चपेट में आने से सहदेव और उनकी पत्नी रजकला घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सहदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि रजकला का उपचार चल रहा है। बिलखते हुए बेटे अनूप ने बताया कि माता-पिता फत्तेपुर बाजार गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
दूसरी घटना में इसी थाना क्षेत्र के पेंडारा गांव निवासी राजेश कुमार (26) की सोमवार रात बाराबंकी के चौबसी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, राजेश बाइक से हैदरगढ़ स्थित ससुराल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। चौबसी में बाइक खड़ी कर पानी लेने के लिए सड़क पार करते समय वह दूसरी बाइक की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी सिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि सहदेव के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जबकि राजेश के मामले में संबंधित थाना चौबसी, जनपद बाराबंकी द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।