गौरीगंज (अमेठी)। तिलोई तहसील के अहुरी गांव में तैनाती के दौरान फर्जी कृषि आवंटन व वरासत करने वाले तत्कालीन लेखपाल पर एसडीएम ने कार्रवाई की है। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के सामने मामला पेश हुआ तो पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। जांच में लेखपाल पर लगे आरोप सही मिलने पर एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित करते हुए तहसीलदार को आवंटन व वरासत निरस्तीकरण वाद दायर करने का निर्देश दिया है।
तिलोई तहसील में एक अक्तूबर को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अहूरी गांव निवासी गोविंद सिंह ने डीएम राकेश कुमार मिश्र के सामने शिकायत प्रस्तुत कर तत्कालीन लेखपाल मुकेश कुमार श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायतकर्ता ने कहा था कि ग्राम अहुरी मोहनगंज में लेखपाल ने न सिर्फ फर्जी कृषि आवंटन की है बल्कि फर्जी ढंग से बाहरी व्यक्ति के नाम भूमि गांव के एक मृतक की भूमि की वरासत भी कर दी है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीएम फाल्गुनी सिंह को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। एसडीएम न्यायिक ने प्रकरण की जांच की तो प्रथम दृष्टया शिकायतकर्ता के आरोप सही मिले। जांच रिपोर्ट में फर्जी कृषि आवंटन व वरासत करने की पुष्टि होने के बाद एसडीएम ने तत्कालीन लेखपाल मुकेश कुमार श्रीवास्तव को निलंबित करते हुए तहसीलदार को सक्षम न्यायालय में आवंटन व वरासत निरस्तीकरण का वाद दायर करने का निर्देश दिया है।