जगदीशपुर के वारिशगंज मोड़ के समीप लगे जाम में फंसे लोग। -संवाद
जगदीशपुर (अमेठी)। प्रयागराज महाकुंभ से प्रभु श्रीराम के दर्शन करने के लिए अयोध्या रवाना हुए श्रद्धालुओं की परेशानी कम नहीं हो रही है। शनिवार को रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर आवागमन सामान्य दिखाने के लिए लखनऊ-वाराणसी हाईवे से निकलने वाले सभी संपर्क मार्गों पर बैरियर सक्रिय कर दिया गया है।
प्रयागराज संगम में माघ पूर्णिमा पर स्नान-ध्यान के लिए निकले श्रद्धालु अयोध्या धाम स्थित प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए लालायित हैं। प्रयागराज से सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या धाम जाने वाले हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर सुल्तानपुर से लोगों को लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर डायवर्ट कर दिया गया है।
ऐसे में जगदीशपुर से गुजरने वाले रायबरेली-अयोध्या हाईवे से जाने की चाह में श्रद्धालु सुल्तानपुर से तो निकल रहे हैं लेकिन जगदीशपुर पहुंचकर उनकी परेशानी बढ़ जा रही है। लखनऊ-वाराणसी हाईवे से अयोध्या हाईवे को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं।
बैरियर से वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित करते हुए श्रद्धालुओं को हैदरगढ़-बाराबंकी होते हुए जाने की बात बताई जा रही है। लगातार बैरियर पर रोक, परिवर्तित मार्ग से जाने की सलाह से परेशान श्रद्धालु वाहन सहित गांव व गलियों की खाक छानते हुए जल्द अयोध्या पहुंचने की कोशिश में परेशान हैं।
अयोध्या धाम जाने वाले मार्ग के सभी कट व उतेलवा के सामने जाफरगंज मोड़ पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान मीडिया कर्मियों को भी लोगों से बातचीत करने से रोकने का प्रयास किया गया।
शनिवार सुबह आठ बजे निजी वाहन से महाकुंभ से अयोध्या धाम जा रहे नागा साधुओं के एक दल को भाले सुल्तान शहीद स्मारक थानाक्षेत्र के थौरी चौराहे पर लगी बैरिकेडिंग पर रोककर आगे जाने से सुरक्षा कर्मियों ने मना कर दिया। ऐसे में एक नागा साधु धरने पर बैठ गए जिसके बाद बैकफुट पर आए सुरक्षा कर्मियों ने जाने के लिए रास्ता दिया।