नगर पंचायत अमेठी स्थित दुकान पर चर्चा करते लोग। -संवाद
अमेठी। नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, सफाई, जलनिकासी और पेयजल संकट को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। मंगलवार को विभिन्न वार्डों के लोगों ने बैठक कर समस्याओं पर चर्चा की। लोगों ने कहा कि बरसात से पहले जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। बैठक में समस्याओं के साथ उनके समाधान को लेकर भी सुझाव रखे गए।
गंगागंज निवासी अब्दुल अंसारी ने कहा कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से हल्की बारिश में भी जलभराव हो जाता है। रायपुर फुलवारी के विवेक सिंह ने पेयजल संकट को गंभीर बताते हुए जल निगम की बंद पड़ी टंकियों से आपूर्ति शुरू कराने की मांग उठाई। चाणक्यपुरी के लल्लन अग्रवाल ने कहा कि जर्जर सड़कें और उखड़ी इंटरलॉकिंग दुर्घटना का कारण बन रही हैं।
व्यापारी शिव कुमार चौरसिया ने बाजार क्षेत्रों में सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेहतर करने की जरूरत बताई। बैठक में लोगों ने वार्डवार सफाई व्यवस्था की निगरानी, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्य से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
ईओ शिवमूर्ति ने बताया कि सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा।
अधूरी योजनाएं परेशानी का कारण
सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक शुक्ल ने कहा कि अधूरी योजनाओं और निगरानी की कमी से समस्याएं बढ़ी हैं। नालियों की सफाई, सड़क निर्माण और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।