गौरीगंज (अमेठी)। जिले की 682 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 659 पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत काम चल रहा है। जिले में योजना के तहत पंजीकृत एक लाख 74 हजार 792 मजदूरों के सापेक्ष अब तक 2740 को 100 दिन का रोजगार मुहैया करा दिया गया है। सीडीओ ने सभी बीडीओ को शत प्रतिशत गांवों में मनरेगा योजना के तहत काम चलवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
शासन ने विकास विभाग को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत कार्य गतिमान रखने का निर्देश दिया है। शासन के निर्देश पर सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर नियमित रूप से इसकी निगरानी करते हुए ब्लॉकवार योजना के तहत कार्य की समीक्षा करती रहती हैं। सीडीओ नियमित रूप से सभी बीडीओ को ब्लॉक की समस्त ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कम से कम एक काम चालू रखने का निर्देश भी देती रहती हैं।
सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को ऑनलाइन समीक्षा की तो जिले की 682 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 659 पंचायतों में कार्य होते पाया गया। सीडीओ ने संबंधित ब्लॉक के बीडीओ को फटकार लगाते हुए हर हाल में उक्त ग्राम पंचायतों में भी काम प्रारंभ कराने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने बताया कि जिले में कुल पंजीकृत एक लाख 74 हजार 792 मजदूरों के सापेक्ष मौजूद वित्तीय वर्ष में 2740 मजदूरों को 100 दिन का रोजगार मुहैया कराया जा चुका है।
इन मजदूरों द्वारा कुल दो लाख 74 हजार मानव दिवस सृजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 7789 मजदूरों को 81 से 99 दिन का रोजगार मुहैया कराया गया, इससे छह लाख 61 हजार 765 मानव दिवस सृजित हुए हैं। अब तक 71 करोड़ 59 लाख 54 हजार रुपये का भुगतान भी मजदूरों को किया जा चुका है।