फुरसतगंज (अमेठी)। स्थानीय थाने से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे पर शनिवार देर शाम डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जीजा की मौत हो गई तो साला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने डंपर को चालक सहित पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।
रायबरेली जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के बहुलाई मवैया गांव निवासी उमाशंकर (25) शनिवार को अपने साले परसदेपुर निवासी गोपी संग बाइक से रायबरेली गए थे। देर शाम बाइक से वापस आते समय फुरसतगंज थाने से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे पर निगोहा के पास सामने आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीछा कर डंपर को चालक सहित पकड़ लिया। घायलों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उमाशंकर को मृत घोषित कर दिया। गोपी की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया।
मृतक के भाई रविशंकर की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर शव का पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। एसएचओ श्रीराम पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय गोपी बाइक चला रहा था। उसने हेलमेट पहन रखा था।
रक्षाबंधन से पहले भाई को खोने से गमगीन बहन
सड़क हादसे में उमाशंकर की मौत के सूचना पर पाकर उसके पिता दुखी बेहद गमगीन हैं। उसकी पत्नी माधुरी का रोकर बुरा हाल है। पिता को खोने के गम से अंजान चार वर्षीय पुत्री महक व तीन वर्षीय पुत्र कार्तिक रोती हुई मां के कभी आंशू पोछते तो कभी रोने लग रही है। नौ माह के मासूम कपिल भी मां को रोता देख बिलख रहा है। भाई रविशंकर घटना से हतप्रभ है तो बहन चांदनी रक्षाबंधन से पहले भाई को खोने से गमगीन होकर बेसुध है।