गौरीगंज (अमेठी)। जिले में अपराध नियंत्रण की कोशिश में जुटे डीएम ने शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों व थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में जिला बदर व गुंडा बनाए गए अपराधियों को नोटिस का तालीमा कराने में लापरवाही का मामला प्रकाश में आने के बाद डीएम ने जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। गंभीर अपराध वाले प्रकरणों की समय से विवेचना पूरी कर दोषियों को सजा दिलाने का भी निर्देश दिया।
जिले में अपराध नियंत्रित करने तथा शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए डीएम अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में एसपी दिनेश सिंह की मौजूदगी में सभी एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने शस्त्र लाइसेंस, मामूली रंजिश, अपराध पर रोकथाम, विवेचना निस्तारण, अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए छोटे-छोटे विवादो ंमें भी पाबंद करने के साथ गुंडाएक्ट, जिलाबदर एवं हिस्ट्रीशीटर की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
इस दौरान निरस्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों के साथ कोर्ट की नोटिस तामीला में लापरवाही पर फटकार लगाते हुए समय से नोटिस तामील कराने, महिला उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, हत्या, बलात्कार, अपहरण, दहेज प्रथा समेत अन्य अपराधों में समय से विवेचना पूरी कर दोषियों को सजा दिलाने के लिए कोर्ट में प्रभावी पैरवी करने तथा त्यौहार पर सक्रियता बरतते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने कोविड-19 संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए आमजनों को जागरूक करते हुए गाइडलाइन का पालन नहीं कर वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। बैठक में एसपी दिनेश सिंह, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव समेत सभी एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।