गौरीगंज (अमेठी)। कोविड-19 अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डीएम ने सोमवार देर शाम असैदापुर स्थित लेवल-2 कोविड अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने साफ-सफाई, किचेन, मरीजों के इलाज व संसाधनों की हकीकत परखी। अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट डीएम ने जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार कर मरीजों को सुविधा युक्त माहौल प्रदान करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को इलाज के साथ दिए जाने वाले भोजन-पानी व अन्य सुविधाओं के साथ साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन कार्य की हकीकत परखी। इसके साथ ही मरीजों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए दवा के स्टॉक की जानकारी लेते हुए अस्पताल की साफ-सफाई के साथ मरीजों के रहने, खाने-पीने आदि का विशेष तौर पर ध्यान रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने अस्पताल में वेंटीलेटर को क्रियाशील रखने तथा ऑक्सीजन सिलेंडर की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए होम क्वारंटीन लोगों की नियमित निगरानी करने को भी कहा। डीएम ने संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए शिफ्टवार चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाने तथा साफ-सफाई के साथ अन्य व्यवस्थाओं की कमी होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव, एसडीएम संजीव कुमार मौर्या आदि अधिकारी मौजूद रहे।