अमेठी सिटी। भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ ने गौरीगंज स्थित ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने सीएम को संबोधित ज्ञापन देकर दिव्यांगों को मुफ्त बिजली दिए जाने व बकाया बिजली बिल माफ करने की मांग उठाई।
भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ के पदाधिकारियों ने एक्सईएन रोहित सिंह को ज्ञापन सौंपा, जिसमें मुख्यमंत्री से प्रदेश के सभी दिव्यांगों को यूडीआई कार्ड के आधार पर निशुल्क बिजली कनेक्शन देने की मांग की। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश ने बताया है कि प्रदेश के दिव्यांग बेरोजगारी के साथ ही बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। कोविड काल के बाद रोजगार से भी वंचित हैं।
संगठन ने कैबिनेट में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किए जाने की मांग की है। इसके अलावा बिजली कटौती बंद किए जाने, दिव्यांगों के लिए अलग हेल्प डेस्क, दिव्यांगों का उत्पीड़न बंद किए जाने व कार्यालयों पर रैंप बनवाए जाने की मांग उठाई है। इस दौरान प्रेम प्रकाश मिश्र, पप्पू यादव, राम बहाल शर्मा, हरि प्रसाद, हरिकेश गुप्ता, दयाराम गौतम, देव कुमार आदि मौजूद रहे।