फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: समितियों पर नहीं मिल रही डीएपी, किसान परेशान

Fri, 31 Oct 2025 12:01 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। डीएपी व खाद का स्टॉक न होने से समितियां व बिक्री केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है। किसान खाद के लिए चक्कर काट कर परेशानी उठा रहे हैं। निजी दुकानों पर भी खाद की उपलब्धता कम है। जहां उपलब्धता है वहां भी दुकानदार इसे महंगे दाम पर बेच रहे हैं। दूसरी तरफ कृषि विभाग के जिम्मेदार जिले में पर्याप्त खाद की उपलब्धता का दावा कर किसानों की परेशानी से पूरी तरह उदासीन बने हैं।
विज्ञापन

वर्तमान में आलू, दलहन, तिलहन संग गेंहू आदि फसलों की बोआई के चलते डीएपी की मांग बढ़ गई है। ऐसे में खेरौना, महराजपुर सहित कई समितियों व अमेठी, जायस, गौरीगंज, संग्रामपुर आदि इफको केंद्रों पर खाद नहीं होने से किसानों को बोआई प्रभावित हो रही है। वहीं गौरीगंज केंद्र पर बृहस्पतिवार को भी एनपीके व डीएपी नहीं थी। माधोपुर साधन सहकारी समिति पर भी खाद नहीं थी। किसान रामसुख ने बताया कि कई समितियों पर गए, लेकिन वहां पर डीएपी नहीं मिली। यहां पर भी डीएपी व एनपीके दोनों नहीं है।
किसान श्रवण कुमार ने बताया कि हर सीजन में खाद की किल्लत बनी रहती है। संग्रामपुर इफको केंद्र व समिति पर खाद नहीं है। निजी दुकानों पर भी डीएपी नहीं मिल रही है। जहां पर उपलब्धता है भी, वहां उसे महंगे दाम पर बेचा जा रहा है। किसान अजय कुमार, नंदलाल ने बताया कि ताला समिति पर खाद आई थी, लेकिन कब बंट गई, पता ही नहीं चला। खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। बताया कि डीएपी नहीं मिलने के कारण आलू, मटर, सरसों की बोआई प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन

सहकारिता सहायक आयुक्त अरविंद कुमार ने बताया कि इफको व निजी दुकानों पर खाद कम होने से समितियों पर ज्यादा भीड़ हो रही है। एक ट्रक में 300 बोरी खाद भेजी जाती है, पर भीड़ अधिक होने से एक ही दिन में भेजा गया खाद का स्टॉक खत्म हो जाने से कुछ समितियों पर परेशानी हो रही है।
खाद संकट पर सपाइयों ने सौंपा ज्ञापन
अमेठी। बोआई के समय किसानों के सामने खाद का गंभीर संकट है। इसे लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जयसिंह प्रताप यादव के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित अपनी मांगों का ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि इस समय रबी फसलों की बाेआई जोरों पर है, लेकिन किसानों को डीएपी और यूरिया नहीं मिल रही है। सरकारी गोदामों से खाद नदारद है। किसान सुबह-शाम लाइनें लगाकर लौट रहे हैं। कुछ केंद्रों पर खाद आती भी है तो कर्मचारियों की मिलीभगत से कालाबाजारी की जा रही है। मांग की कि सरकार तत्काल सरकारी समितियों व केंद्रों पर डीएपी और अन्य उर्वरक उपलब्ध कराए ताकि किसानों को खाद की किल्लत से होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष मनीराम वर्मा, मनु पाल, मो. रज्जाब, सुरेश कश्यप, राम अचल, रामकैलाश, दीपक मौर्य आदि मौजूद रहे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें