अमेठी। जिले में कोविड-19 संक्रमितों की हर रोज बढ़ घट रही संख्या के बीच एक और मरीज ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाला मरीज जगदीशपुर के निहालगढ़ का रहने वाला था। शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय के तीन स्वास्थ्य कर्मी समेत 26 लोग पॉजिटिव मिले।
जगदीशपुर के निहालगढ़ कस्बा निवासी कमलाकांत तिवारी (72) पिछले 17 दिसंबर को जांच के दौरान संक्रमित पाए गए थे। कोविड संक्रमण की पुष्टि होने तथा शुगर व ब्लड प्रेशर का मरीज होने के चलते उन्हें उसी दिन कोविड अस्पताल केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पिछले तीन दिन में एंटीजन, रैपिड जांच व ट्रूॅनॉट मशीन से की गई 1,701 की जांच रिपोर्ट संकलित होकर शुक्रवार रात जिला प्रशासन को मिली।
रिपोर्ट में सीएमओ कार्यालय के तीन कर्मी समेत 26 में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई तो 1,675 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। अरुण कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 3,346 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
इनमें से 3,184 ठीक हो चुके हैं तो 32 की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 130 मरीज कोविड अस्पताल या होम आइसोलेशन में हैं, जिनका उपचार व निगरानी की जा रही है।