गौरीगंज (अमेठी)। दीपावली पर्व के बाद कोरोना के बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले में फोकस्ड सैंपलिंग का कार्य शुरू करा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 19 से 30 नवंबर तक का रोस्टर जारी कर घर-घर जाकर सैंपलिंग कराई जा रही है। इसके लिए तीन मोबाइल व 13 रैपिड रिस्पांस टीमों को लगाया गया है।
कोरोना संक्रमण को आम जनमानस में फैलने से रोकने के लिए जिले में 19 से 30 नवंबर तक फोकस्ड सैंपलिंग का कार्य शुरू कराया गया है। इस अभियान में स्वास्थ्य टीमें चिन्हित बस्तियों व स्थलों पर जाकर वहां रह रहे शत-प्रतिशत लोगों की सैंपलिंग करेंगी। कोविड प्रभारी/एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि इस कार्य के लिए तीन मोबाइल व 13 रैपिड रिस्पांस टीमों को लगाया गया है।
कहा कि 19 से 21 नवंब तक टीमें जिले की मलीन बस्ती व घनी आबादी में जाकर सैंपलिंग करेंगी। 22 व 23 नवंबर को बाल सुधार गृह, 24 नवंबर को नारी निकेतन व बाल सुधार गृह, 25 नवंबर को जिले भर के ठेला व्यवसाइयों, 26 नवंबर को स्कूलों के शिक्षक व शिक्षणेत्तर स्टाफ, 27 नवंबर को सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों तथा 28, 29 व 30 नवंबर को जिले में लगने वाली साप्ताहिक बाजारों, कस्बों आदि में टीम जाकर वहां मौजूद सभी लोगों की सैंपलिंग करेगी।
रिपोर्ट में पॉजिटिव मिलने के बाद टीम वहां पर बचाव कार्य शुरू करते हुए जिले को कोरोना संक्रमण से मुक्त करने का काम करेगी। एसीएमओ ने बताया कि जिले में सैंपलिंग के अलावा कई प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।